Saturday, 8 August 2026

वह बहुत अच्छा है

वह कहती अक्सर अपने सहेलियों से 
अपने परिवार- रिश्तेदारों से 
उसका लाईफ पार्टनर बहुत अच्छा है 
उसकी सब जरूरतें पूरी करता है 
हर फर्माइश पूरा करता है 
सर ऑंखों पर बिठाकर रखता है 
किसी चीज की कमी नहीं होने देता 
बस वह अपनी ईच्छा से कुछ नहीं कर सकती 
कोई निर्णय नहीं ले सकती 
कहीं आ - जा नहीं सकती 
किससे बात करनी किससे नहीं 
किससे दोस्ती करनी किससे नहीं 
कपड़े कैसे पहनना कैसे नहीं 
खाना क्या बनाना क्या नहीं 
यह सब वह डिसाइड करता है 
हाॅ वैसे वह बहुत अच्छा है 
दिल का साफ है 
बस कभी-कभार गुस्सा आ जाता है 
हाथ उठा देता है 
लग जाए ज्यादा तो डाॅक्टर के पास ले जाता है 
देखभाल करता है 
दवाई अपने हाथ से खिलाता है 
हाॅ वैसे वह बहुत अच्छा है 
बस उसको जो करता है करने दो 
उसको रोको - टोको मत 
सलाह मत दो 
उसे पसंद नहीं किसी की बात सुनना 
उससे बस काम की बात हो तो करो 
अन्यथा उसे कुछ सुनने में रूची नहीं 
उसकी बात चुपचाप सुन लो 
अपनी बात मत रखो 
तुम हमेशा हंसती रहो 
वह गुस्सा हो , जलील करें तब भी 
तुम्हें रूठने - नाराज होने का हक नहीं 
किसी को मनाना उसकी फितरत नहीं 
उसकी हर बात पत्थर की लकीर
समझौता उसके स्वभाव में नहीं 
आर या पार
थोड़ा डर कर रहो 
मुंह बंद कर रहो 
आज्ञानुसार चलो 
हाॅ वह बहुत अच्छा है 
बस उसको जानने - समझने की जरूरत है 
एक बार समझ लो ऐसे व्यक्ति को 
फिर सब कुछ अच्छा 
जीवन जेल में कैदी जैसा हो तो क्या हुआ 
खाना - पीना मिल रहा है 
आराम से जीवन यापन हो रहा है 
और क्या चाहिए 
तभी तो सबसे कहती फिरती है 
वह बहुत अच्छा है 

No comments:

Post a Comment