Saturday 30 May 2020

महाभारत कब तक चलेगा

महाभारत चल रहा है
देश महामारी के युद्ध से गुजर रहा है
धृतराष्ट्र ऑखे बंद किए हैं
भीष्म को कोसा जा रहा है
विदुर नीति कुछ काम नहीं कर रही है
दुर्योधन अपनी ही बात कर रहा है
कोई किसी की नहीं सुन रहा है
द्रोणाचार्य और कृपाचार्य मौन बैठे हैं
जम कर एक दूसरे का चीर हरण किया जा रहा है
वाक् युद्ध जारी है
रणनीति बन रही है
कब किसको सत्ता से बेदखल किया जाय
कब चौसर की गोटी बिछाई जाय
रुपयों और सत्ता के लालच से नेता खरिदे जाय
कर्ण और    शल्य           को अपनी तरफ किया जाय
मामा शकुनि को इस खेल में लगाया जाय
निष्ठा को पैसे के तराजू से तोला जाय
जो मिले उसे खरिद लो
अपनी तरफ कर लो
सुई के नोक के बराबर भी जमीन नहीं
इस हठ पर अडे रहो
विपक्ष को खत्म करो
बस अपना राज हो
नहीं कोई टोका-टोकी
नहीं कोई रोक टोक
बस हिटलर शाही हो
जब जो निर्णय ले लो
जो नियम बनाना बना लो
कोई मरता है तो मरे
यह तो उनकी नियति है
बेघर होना है तो हो
वह हमारी जिम्मेदारी थोड़ी ही है
जो पहले वाले कर गए हैं
वह उनकी है
क्यों भीष्म ने पिता की बात मानी
क्यों नेताओं ने आजादी की लड़ाई लड़ी
क्यों वह घरबार छोड़कर जेल में रहे
ऐसा नहीं करते
तब ब्रिटिश शासन होता
हम गुलाम रहते पर खुशहाल रहते
पता नहीं कब तक चलेगा यह महाभारत
तब तक तो जनता सडकों पर चल ही रही है
सुदर्शन चक्रधारी की जरूरत है
उनका भी कब आगमन
कोई नहीं जानता

No comments:

Post a Comment